" तलाश - ए - बशर ....."
ना कहीं उड़ते पंछी का एहसास था
ना समंदर की लहरों का अंदाज़ था ...
जाने किस मोड़ पर थम गयी ज़िन्दगी
ना रहा आज मेरा थी कल तिष्निगी ...
कर रहा आज दिल मुख़्तसर इल्तेजा
ना मुक़द्दर का दम तोड़ तू बेवजह ...
मेरे मौला रूहानी सी क़ुव्वत तो दे
दो कदम ज़िन्दगानी की फ़ुर्सत तो दे ...
ख्वाहिशों की ये तासीर कम कर ज़रा
ना लुटा बेरहम आतिशों की हला ...
ख़ैर कर ख़ाब की मौसिक़ी पर ज़रा
ना दिखा बेशरम साज़िशों की बला ...
दे कहानी में कुछ तो नया मोड़ तू
कर वीराने की ज़ुर्रत को कमज़ोर तू ...
कुछ तो दे हौसला है रहम बख्श तू
कुछ तो दे आसरा है महर बख्श तू ...
जाने किस हाल पर आके बदली ज़मीं
छुप गया आसमां चाँद पर थी नमी ...
मेरा हर पल बशर की दुआ में रहा
उसकी पुरनूर क़ामिल शमा पे रहा ...
मेरी औक़ात मौला को पाना कहाँ
मैं बशर हूँ बशर मेरा है गुल्सिताँ ...
पर अली दम अली हक़ कहाँ मानता
वो भी मेरी ही आदत पे खूं छानता ...
ना मिला एक बशर इस बशरगाह में
ढूँढता मैं रहा उसको ईमान में ...
वो वहाँ जाके बैठा गुनाहगारों में
बोटियों की तिजारत के मुर्दारों में ...
माँगने वो लगा हक़ तबस्सुम का यूँ
चल पड़े नोंच कर होंठ मासूम क्यों ...
उसकी जलवानशीं फ़र्क़ करने लगी
एक जहां में जहां सौ बदलने लगी ...
काल की ताल पर नाचता मैं रहा
अर्श के जाल पर काँपता मैं रहा ...
मैंने माँगी ख़ुदाई ना माँगा ख़ुदा
दोपहर की तपी धूप था घर मेरा ...
ना खुली ये सहर ना था शब् का सिरा ...
क्यों मोहम्मद के दर का पता ग़ुम रहा ...
यूँ चला सिलसिला फ़र्द की राह पर ...
दिल हुआ फ़र्सुदा वक़्त की चाह पर ...
ज़र्द हो कर इबादत मुलव्वस हुई
अश्क़ गुज़रा हलक़ से मोहब्बत हुई ...
हर तरफ़ रास्ते हैं , है मंज़िल कहाँ
हर तरफ़ क़ाफ़िले हैं सिक़न्दर कहाँ ...
जिस्म हो कर फ़ना यूँ इमारत बना
वर्द की कोख ने फिर क्यों दानव जना ...
है कहीं रुख़ पे जन्नत का हाक़िम गुमां
तो कहीं लब पे दोज़ख का मातम रवां ...
हम गए थे ख़ुदा की क़लीमी तलक
वस्ल - ए - रौनक की उम्दा शफ़ीक़ी तलक ...
पाके अहले करम भी यूँ कुछ ना हुआ
शक्ल ने नामुरादी का परचम छुआ ...
आईने से हुए रूबरू इस तरह
अक्स इस बार था स्याह ख़त की तरह ...
छू के देखा फ़क़त लफ़्ज़ का एक सिरा
मौत कम्सिन लगी ज़िन्दगी की तरह ...
मिट गया फ़ासला जिस्म से रूह का
हो गया फ़ैसला क़िस्म के नूर का ...
छूट कर ख़ुद से होता है ऐसा असर ...
है मेरी कहकशां ये तलाश - ए - बशर ....!!
*********** विक्रम चौधरी *************

No comments:
Post a Comment